पंजाब के रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब के अगमपुर गाँव में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता नितिन नंदा को गोली मारी गई है। यह घटना तब हुई जब नंदा एक स्थानीय समारोह में शामिल थे।
हमला करने का आरोप चंडीगढ़ पुलिस के पूर्व डिप्टी एसपी (DSP) दिलशेर चंदेल और उनके दो साथियों पर लगा है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, इस हमले के पीछे संपत्ति विवाद मुख्य कारण है, जिसे लेकर नितिन नंदा और पूर्व डीएसपी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी।
पूर्व डीएसपी ने नितिन नंदा पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली नंदा के सिर के पिछले हिस्से में लगी। गोली लगने के तुरंत बाद, उन्हें आनंदपुर साहिब सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर (PGI) रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली सिर में फंसी हुई है और उनकी जान को खतरा हो सकता है, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूर्व डीएसपी दिलशेर सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर छापेमारी की जा रही है।






