झांसी मोड़कला गांव के 28 वर्षीय किसान सोनू राजपूत ने ट्रैक्टर की किस्त न चुका पाने की मानसिक पीड़ा से परेशान होकर छत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना उस समय सामने आई जब रिश्ते में लगने वाली उनकी छोटी बहू कपड़े डालने के लिए छत पर गई और उन्हें फांसी पर लटका देखा.दरअसल, पड़ोसियों और परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से उन्हें फांसी से नीचे उतारा गया और आनन-फानन में झांसी मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक सोनू राजपूत के पीछे पत्नी और सात वर्षीय बेटा आर्यन है. परिवार के अनुसार, छह माह पहले सोनू ने बड़ी उम्मीद के साथ स्वराज कंपनी का ट्रैक्टर फाइनेंस पर खरीदा था
.इसके लिए उन्होंने 2 लाख रुपए भुगतान किए और छह माह की किस्त में 1 लाख रुपए चुकाने थे. लेकिन इस साल भारी बारिश के कारण उनकी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई, जिससे किस्त चुकाने की क्षमता समाप्त हो गई. इसके चलते वह मानसिक रूप से तनाव और अवसाद में चले गए. भाई मोनू और चाचा अभिनव के अनुसार, सोनू को लगातार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आर्थिक संकट और फसल की बर्बादी ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया.घटना के समय पत्नी और बेटा भाईदूज पर मायके गए हुए थे, माता-पिता खेत में और भाई घर के बाहर थे. केवल छोटी बहू घर में थी. चिरगांव थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सुसाइड के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.






